नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के निधन पर शुक्रवार को शोक स्वरूप राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा। गृह मंत्रालय के बयान के अनुसार, दिवंगत राम विलास पासवान के सम्मान में शुक्रवार को देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा। जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा वहां अंतिम संस्कार के दिन भी राष्ट्रध्वज झुका रहेगा।
राम विलास पासवान का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। पासवान का गुरुवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे।
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक राम विलास पासवान का अंतिम संस्कार शनिवार को पटना में होगा। इससे पहले उनका पार्थिव शरीर आखिरी दर्शन के लिए अस्पताल से सीधे यहां उनके आवास 12 जनपथ पर शुक्रवार को लाया गया। यह जानकारी लोजपा की ओर से दी गई। जानकारी के अनुसार, राम विलास पासवान का पार्थिव शरीर शुक्रवार को ही पटना ले जाया जाएगा। पटना में उनका पार्थिव शरीर लोजपा कार्यालय में रखा जाएगा। अगले दिन शनिवार को पटना में ही उनका अंतिम संस्कार होगा।
पासवान के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत दूसरे केंद्रीय मंत्रियों व राजनीति दलों के नेताओं ने शोक जताया है।
पासवान ने वर्ष 2000 में जनता दल (यूनाइटेड) से अलग होकर लोजपा का गठन किया था। पिछले साल पार्टी की कमान अपने पुत्र कमान चिराग पासवान को सौंपने से पहले वह लोजपा के संस्थापक अध्यक्ष रहे।
राम विलास पासवान केंद्र सरकार में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री थे। बीमार होने के कारण वह बीते एक महीने से ज्यादा समय से अस्पताल में भर्ती थे और हाल ही में उनके हृदय का ऑपरेशन हुआ था।
पीएमजे-एसकेपी
.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/3lm2C9s
.
0 Comments